Divyanka Tripathi Building Fire, गिरिडीह: टीवी सीरियल ‘ये है मोहब्बतें’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी के लिए इस बार दिवाली का समय दुखद यादों से भर गया। मुंबई स्थित उनकी रिहायशी बिल्डिंग में 7 नवंबर की रात लगी आग में गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत माहुरी गांव निवासी सुरक्षा गार्ड धनपत महतो (60) की मौत हो गई। इस घटना से अभिनेत्री और उनका परिवार गहरे सदमे में है। दिव्यांका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर धनपत महतो को याद किया और उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
Highlights:
बच्चों को घर लाने पर सबसे पहले धनपत अंकल ने दिया था आशीर्वाद
दिव्यांका ने अपने पोस्ट में बताया कि जब वह अपने बच्चों को पहली बार घर लेकर आई थीं, तब उनका स्वागत करने और आशीर्वाद देने वालों में धनपत अंकल सबसे आगे थे। अभिनेत्री और उनके परिवार ने कभी सोचा था कि जब बच्चे बड़े होंगे, तब भी धनपत उनके जीवन का हिस्सा बने रहेंगे।
उन्होंने लिखा कि कुछ लोगों के जाने से ऐसी खामोशी पैदा हो जाती है, जो कभी पूरी तरह खत्म नहीं होती। धनपत महतो उनके परिवार के लिए ऐसे ही खास व्यक्ति थे, जिनकी मौजूदगी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी थी।
आग लगने के समय परिवार के साथ घर पर थीं अभिनेत्री
दिव्यांका के मुताबिक, जिस रात बिल्डिंग में आग लगी, उस समय वह अपने परिवार के साथ घर पर ही थीं। परिवार की कहीं बाहर जाने की योजना थी, लेकिन किसी कारणवश निकलने में देरी हो गई। इसी दौरान बिल्डिंग में आग लग गई।
परिवार को समय रहते खतरे का पता चल गया और दिव्यांका अपने बच्चों, परिवार के सदस्यों तथा स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल गईं। शुरुआत में उन्हें लगा कि आग की वजह से केवल सामान का नुकसान हुआ है। लेकिन बाद में जब धनपत महतो की मौत की जानकारी मिली, तो पूरा परिवार सदमे में आ गया। अभिनेत्री ने बताया कि वह और उनके पति विवेक इस खबर पर विश्वास नहीं कर पा रहे थे।
‘आप सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं, हमारी जिंदगी का हिस्सा थे’
धनपत महतो को याद करते हुए दिव्यांका ने लिखा कि वह उनके परिवार के लिए सिर्फ बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड नहीं थे, बल्कि उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा थे। परिवार के सदस्य उन पर भरोसा करते थे और उनकी मौजूदगी से जुड़ाव महसूस करते थे।
अभिनेत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि जब उनके बेटे बड़े होंगे, तो वह उन्हें उस अच्छे इंसान के बारे में जरूर बताएंगी, जिसने घर आने पर उन्हें आशीर्वाद दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना ने उन्हें किसी व्यक्ति की मौजूदगी और उसके महत्व को कभी हल्के में नहीं लेने का एहसास कराया। दिव्यांका ने धनपत महतो की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सोमवार को माहुरी गांव पहुंचा धनपत महतो का पार्थिव शरीर
मुंबई में 7 नवंबर की रात हुई आग की घटना में धनपत महतो की मौत के बाद उनके परिवार और गांव में शोक का माहौल है। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड स्थित पैतृक गांव माहुरी पहुंचा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुंबई की इस घटना ने गांव के लोगों को भी गमगीन कर दिया है।






















