पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा है कि बिहार में हत्या और अपराध की घटनाएं बेकाबू हो चुकी हैं और अब तो “उपमुख्यमंत्री के आवास से अपराध की प्लानिंग” होने का आरोप भी लगा दिया है।
Highlights:
तेजस्वी यादव बोले: “मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री खुद अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं, इसलिए बिहार की यह हालत हो गई है। हर दिन हत्या हो रही है, 100 से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।”
भ्रष्टाचार पर बड़ा हमला: ‘नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन गए हैं’
तेजस्वी यादव ने हाल ही में एक इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी में करोड़ों की नकदी मिलने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि “इसमें मंत्रियों का पैसा शामिल है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। पैसे जला दिए जा रहे हैं, सब कुछ सामने होने के बावजूद सरकार मौन है।”
पटना में लाठीचार्ज पर बोले तेजस्वी — ‘इस सरकार को उखाड़ फेंक देना चाहिए’
हाल के दिनों में पटना में हुए प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा:
“हम प्रदर्शनकारियों के साथ हैं। जो सरकार जनता की आवाज दबाने के लिए लाठियां चलवाए, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं। इस सरकार को उखाड़ फेंक देना चाहिए।”
वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर भी बोले तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने देशभर में चल रहे वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के मुद्दे पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि:
“हमने कभी वोटर लिस्ट के निरीक्षण का विरोध नहीं किया। हमने सिर्फ चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे, और सुप्रीम कोर्ट ने आधार कार्ड को डाक्यूमेंट के रूप में मान्यता देकर हमारी बात को सही ठहराया है।”






















