जामताड़ा: संविधान दिवस के अवसर पर नाला थाना परिसर में सम्मानजनक माहौल में संविधान प्रस्तावना का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नाला थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संविधान की रक्षा और उसे अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई।
थाना प्रभारी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को अपनाया था। इसे याद करने और नागरिकों को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए हर वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि संविधान न केवल मौलिक अधिकारों की सुरक्षा करता है, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।
इस कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और संविधान के प्रति सम्मान व संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।





















