निरसा: निरसा थाना क्षेत्र के चोपड़ा कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए एक साथ पांच घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पूरी प्लानिंग के तहत उन घरों को निशाना बनाया, जहां परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे और घरों में ताले लटके थे।
जानकारी के मुताबिक, चोर कटर की मदद से घरों की कुंडी काटकर अंदर घुसे और अलमारियों के लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात में राम प्रवेश यादव, जितेन बाउरी, शुभम सिंह, अंगूरी नोनिया और अभिजीत कांजीलाल के घरों को निशाना बनाया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कॉलोनी की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही बाउंड्री वॉल का काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी आसानी से कॉलोनी में प्रवेश कर रहे हैं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की गश्त और खुफिया व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि चोरों का सूचना तंत्र इतना मजबूत है कि उन्हें पहले से पता होता है कि किन घरों में कोई मौजूद नहीं है।






















