झारखंड:झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम का दुरुपयोग करते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और उनकी पत्नी को फोन कर परेशान करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री आवास में कार्यरत मुख्यमंत्री के प्राइवेट असिस्टेंट जय प्रसाद ने गोंदा थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार अज्ञात कॉलर ने स्वयं को झारखंड का मुख्यमंत्री बताकर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री को फोन किया और अनावश्यक रूप से परेशान किया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसी नंबर से पूर्व में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी फोन कर परेशान किया गया था।
ट्रू कॉलर पर जिस नंबर 7439077614 से कॉल किया गया, वह “अभिजीत न्यू सिम जिम पीटी” के नाम से प्रदर्शित हो रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस कृत्य को मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने तथा वीवीआईपी को परेशान करने का गंभीर एवं निंदनीय प्रयास बताया है।
शिकायत के साथ कॉल की रिकॉर्डिंग भी पेन ड्राइव में संलग्न की गई है। रिकॉर्डिंग के अनुसार, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को झारखंड का मुख्यमंत्री बताते हुए असभ्य और संदिग्ध व्यवहार किया।





















