जमुआ: झारखंड के गिरिडीह जिला के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत गांडो गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय ललिता देवी, पति पवन यादव के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में मातम और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, ललिता देवी की मौत अचानक संदिग्ध अवस्था में हुई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। वहीं सूचना पाकर मृतका के मायके वाले भी गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई। मायके पक्ष का कहना है कि ललिता की हत्या कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।





















