रांची:झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज धनबाद विधायक सह झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने कार्यस्थगन की सूचना के माध्यम से सदन में अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने के झारखंड कैबिनेट के निर्णय का कड़ा विरोध दर्ज कराया।
विधायक सिन्हा ने इस मुद्दे को अत्यंत गंभीर एवं जनभावनाओं से जुड़ा बताते हुए सदन के सभी कार्यों को रोककर राज्य सरकार से यह मांग की कि झारखंड राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर चल रहे अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम पूर्ववत बहाल किया जाए, ताकि आम जनता को न केवल स्वास्थ्य लाभ मिल सके, बल्कि राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति सम्मान भी बना रहे।
उन्होंने इस विषय पर सदन में विस्तृत चर्चा कराए जाने की भी मांग की।
इसके अतिरिक्त सिन्हा ने शून्यकाल के तहत सदन में यह मुद्दा भी उठाया कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा दिनांक 16.06.2025 को 12 उप परियोजना निदेशकों (आत्मा योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाने के बावजूद, आज तक उन्हें किसी भी जिले में पदस्थापित नहीं किया गया है।
इससे राज्य के किसान लगातार प्रभावित हो रहे हैं, और आत्मा योजना के तहत संचालित योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन पदाधिकारियों को शीघ्र जिलावार आवंटित कर कार्यभार ग्रहण कराया जाए, ताकि किसानों की समस्याओं का समाधान हो सके।






















