‘रामायण’ के प्रमोशनल इवेंट में मिस्टर बीस्ट ने की शिरकत
MrBeast in India, नई दिल्ली: मशहूर अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट इन दिनों मुंबई में हैं। वह रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा बनने के लिए भारत पहुंचे हैं। 26 सितंबर को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मिस्टर बीस्ट ने रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे, नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के साथ मंच साझा किया। कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Highlights:
रणबीर कपूर के इशारे पर मिस्टर बीस्ट ने कहा ‘जय श्रीराम’
वायरल वीडियो में एक पैपराजी को मिस्टर बीस्ट से ‘जय श्रीराम’ कहने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है। शुरुआत में मिस्टर बीस्ट कुछ हिचकिचाते नजर आए और उन्हें समझ नहीं आया कि किस तरह प्रतिक्रिया दें। इसी दौरान उनके पास खड़े रणबीर कपूर ने उन्हें इसका अर्थ और प्रतिक्रिया समझाने की कोशिश की। रणबीर के इशारे के बाद मिस्टर बीस्ट ने उत्साह के साथ ‘जय श्रीराम’ कहा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने खुशी जाहिर की।
रणबीर ने मिस्टर बीस्ट को बताए भगवान राम के आदर्श
कार्यक्रम के दौरान रणबीर कपूर ने मिस्टर बीस्ट को भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों के बारे में भी बताया। रणबीर ने बताया कि भगवान राम राजकुमार होने के बावजूद अपने पिता के वचन को पूरा करने और अपने कर्तव्य के लिए सब कुछ त्यागने के लिए तैयार हुए। उन्होंने कहा कि भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम माना जाता है। रणबीर ने उम्मीद जताई कि फिल्म ‘रामायण’ के जरिए मिस्टर बीस्ट को भारतीय संस्कृति, इतिहास और इस महागाथा के बारे में करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
‘रामायण’ में श्रीराम के किरदार में नजर आएंगे रणबीर
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म के पहले ट्रेलर में इन किरदारों की झलक दिखाई गई थी, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: Aurangabad IED Bomb: औरंगाबाद के पचरुखिया जंगल में मिला 2.5 किलो का IED, सुरक्षाबलों ने किया नष्ट
दो पार्ट में रिलीज होगी ‘रामायण’
फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। वहीं रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं। मेकर्स के अनुसार, ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में रिलीज होने की योजना है।






















