Palamu Husband Murder Case: झारखंड के पलामू जिले में पति की हत्या की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानीखुर्द गांव में 21 अक्टूबर को हुई तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी उर्मिला देवी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की दूसरी शादी से नाराज पत्नी ने अपने भांजे के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, गोली, दो मोटरसाइकिल और सभी अभियुक्तों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
Highlights:
घर से बुलाकर की गई थी तुलेश्वर महतो की हत्या
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को बेदानीखुर्द गांव निवासी करीब 45 वर्षीय तुलेश्वर महतो को अज्ञात अपराधियों ने घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद उन्हें गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई मुरारी महतो के फर्दबयान के आधार पर तरहसी थाना में कांड संख्या 114/26 दर्ज किया गया। शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और अन्य अनुसंधान के आधार पर मृतक के साढ़ू शैलेश महतो और उनके बेटे राहुल कुमार से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्या की साजिश से जुड़े अहम सुराग मिले।
यह भी पढ़ें: Godda Girl Body Found: गोड्डा में 12 वर्षीय बच्ची का सिर विहीन शव मिलने से सनसनी, डहुआ गांव में हड़कंप
डेढ़ लाख रुपये में हत्या कराने की बात आई सामने
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूछताछ में राहुल कुमार ने बताया कि उसके मौसा तुलेश्वर महतो ने उसकी मौसी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर उर्मिला देवी ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई। राहुल के अनुसार, मौसी के कहने पर उसने डेढ़ लाख रुपये लेकर अपने साथ ट्रक चलाने वाले शंकर यादव से संपर्क किया।
इसके बाद शंकर यादव के माध्यम से लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के डौकी गांव निवासी नरेश सिंह को पैसे देकर तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या कराई गई। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल बताए जा रहे चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में उर्मिला देवी, पति तुलेश्वर महतो, निवासी बेदानीखुर्द, थाना तरहसी, पलामू शामिल हैं। इसके अलावा राहुल कुमार, पिता शैलेश महतो, निवासी गडवट, थाना मनातू, पलामू; शंकर यादव, पिता यदुनंदन यादव, निवासी पसांगन, थाना मनिका, लातेहार और नरेश सिंह, पिता मोहन सिंह, निवासी डौकी, थाना मनिका, लातेहार को गिरफ्तार किया गया है।
देशी कट्टा, गोली और दो मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा और एक गोली बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक R15 मोटरसाइकिल तथा रेकी के लिए इस्तेमाल की गई एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज, पुलिस निरीक्षक, पाटन अंचल, तरहसी थाना प्रभारी पु०अ०नि० राजेश रंजन तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, कांड का त्वरित उद्भेदन कर सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।






















