निरसा: आगामी रामनवमी पर्व एवं ईद को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने को लेकर निरसा थाना, एमपीएल ओपी एवं कुमारडूबी ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों ने कहा कि दोनों पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान उपस्थित लोगों से पर्व के अवसर पर प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।
बैठक में मुख्य रूप से निरसा अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ रजत मणिक बाखला, थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती, निरसा बीडीओ इंद्रलाल ओहदार, प्रखंड प्रमुख आशा कुमारी दास, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी मृणाल श्रीवास्तव, जिप सदस्य दीपाली रूहिदास, तारापदो धीवर, भारत स्वाभिमान के मंजीत सिंह, रिंकू भट्टाचार्य, दुर्गा दास तथा पायल कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक में पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।






















