निरसा: निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत शासनबड़िया पंचायत के शांति कॉलोनी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कॉलोनी निवासी काजल राय, पिता आनंद राय का लहूलुहान शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक के बड़े भाई कार्तिक राय ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि काजल राय अपने पैतृक गांव कुसुमदाहा में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में अपने परिवार के साथ शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात में वापस अपने शांति कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर 261 लौट आए थे। कार्तिक राय के अनुसार रात करीब 10 बजे उनकी काजल राय से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद सुबह जब उन्होंने दोबारा फोन किया तो काजल राय ने कॉल रिसीव नहीं किया। इस पर परिजनों को आशंका हुई और वे तुरंत कुसुमदाहा से शांति कॉलोनी स्थित क्वार्टर पहुंच गए। क्वार्टर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जब वे अंदर पहुंचे तो कमरे के भीतर काजल राय का लहूलुहान शव पड़ा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई । फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह घटना हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.






















