निरसा:धनबाद जिले के निरसा अनुमंडल अंतर्गत गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र के मोहलबागान कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक साथ पांच घरों को निशाना बनाते हुए लगभग ₹2 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से इलाके में आतंक और दहशत का माहौल है।
Highlights:
चोरी की वारदात से मचा हड़कंप
चोरों ने सुद्दू बाउरी, भादो बाउरी, दुखा पासी और मनोज कुमार समेत पांच घरों में सेंध लगाई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत मुखिया काकुली मुखर्जी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और घर में ताला बंद करने की अपील की।
इसीएल कर्मी के घर से लाखों की चोरी
पीड़ितों में से एक, इसीएल कर्मी सुद्दू बाउरी ने बताया कि वे बुधवार रात लगभग 11:30 बजे ड्यूटी पर गए थे। जब वे सुबह 4 बजे लौटे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, और अलमारी से सोने की चैन, कान की बाली, हाथ का कड़ा तथा ₹50,000 नगद गायब थे।
उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में रोष
पुलिस ने वारदात की जानकारी के बाद सघन जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में रोष है।
ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।






















