Topchanchi Road Accident: धनबाद जिले के हरिहरपुर थाना क्षेत्र स्थित पावापुर चौक पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में हाफिजुद्दीन अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे ने उस परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, जहां कुछ ही दिनों बाद बेटे की शादी होने वाली थी।
Highlights:
शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे पति-पत्नी

जानकारी के अनुसार, हाफिजुद्दीन अंसारी अपनी पत्नी के साथ बाइक से बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। आगामी 22 तारीख को उनके बेटे की शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों को निमंत्रण देने का सिलसिला शुरू हो चुका था। इसी दौरान पावापुर चौक पर उनकी बाइक की कार से टक्कर हो गई। हादसे में हाफिजुद्दीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने NH-19 किया जाम

दुर्घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर हरिहरपुर और तोपचांची थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पांच लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति
ग्रामीणों और प्रशासन के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद पांच लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी, जिसमें तत्काल दो लाख रुपये दिए गए। सहमति बनने के बाद जाम हटाया गया। एनएचएआई के कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पावापुर चौक पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
ग्रामीणों ने पावापुर चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त संकेतक लगाने और अन्य जरूरी उपाय करने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम बेहतर किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।






















