धनबाद: धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार बाइक ने एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए धनबाद भेजा गया। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है। राजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित शिवा पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि तोपचाची की ओर से आ रही तेज रफ्तार राइडर बाइक ने सड़क पार कर रही एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। घायल महिला की पहचान 20 वर्षीय पूजा देवी के रूप में हुई है। पूजा देवी अपने पति मुकेश किस्कू और 4 साल के बच्चे के साथ बैंक के काम से राजगंज आई थी। काम खत्म कर जब परिवार ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रहा था, तब पति और बच्चा तो सुरक्षित पार कर गए, लेकिन पूजा देवी इसी दौरान बाइक की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए धनबाद भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बाइक चालक की तलाश की जा रही है।






















