धनबाद: पावन रामनवमी के अवसर पर धनबाद पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। शहर के विभिन्न इलाकों में निकले अखाड़ों और झांकियों में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर उत्साह और आस्था का परिचय दिया।
कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा, अजय दुबे तथा मेयर संजीव सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न अखाड़ों में पहुंचकर रामभक्तों का उत्साह बढ़ाया। हीरापुर हरिमंदिर, सरायढेला बाईपास, बाबूडीह जिला स्कूल मैदान, कबाड़ी पट्टी अखाड़ा दल, पुलिस लाइन मयरापाड़ा और धनबाद स्टेशन सहित कई स्थानों पर उनकी उपस्थिति से माहौल और अधिक जोशपूर्ण हो गया।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद द्वारा धनबाद स्टेशन तथा बजरंग दल द्वारा केंदुआ में आयोजित कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। विधायक राज सिन्हा ने मंच साझा करते हुए स्वयं तलवार और दंड भांजकर युवाओं में जोश भर दिया, जिसे देख उपस्थित लोग उत्साहित हो उठे।
मौके पर विधायक राज सिन्हा ने सभी शहरवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व मर्यादा, साहस और धर्म के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी रामभक्तों और आयोजकों को साधुवाद भी दिया।






















