झरिया: जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध गिट्टी तस्करी के कारोबार का आज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो 407 वाहन जब्त किए हैं जिनमें भारी मात्रा में अवैध किट्टी लदी हुई थी। दोनों वाहन को पुलिस ने थाना परिसर में रखा है। जोड़ापोखर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के रास्ते से रोजाना अवैध गिट्टी की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद गुरुवार को सुबह पुलिस टीम ने जांच शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध 407 वाहन आते दिखे। रोककर तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में गिट्टी भरी मिली, जिसका कोई वैध कागजात चालक नहीं दिखा पाए।पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और वाहन चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।थाना प्रभारी ने बताया कि “अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी सूरत में क्षेत्र में अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। जब्त गिट्टी की मापी कराई जा रही है और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।
जब्त वाहनों के नंबर और चालकों के नाम का खुलासा जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल नहीं किया गया है। पुलिस मामले में खनन विभाग को भी सूचित कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बताते हैं कि जोड़ापोखर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से किट्टी की तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि अहले सुबह के अंधेरे में धड़ल्ले से ओवरलोड वाहन निकलते हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। जप्त गिट्टी को छुड़वाने के लिए गिट्टी तस्कर गिरोह सक्रिय हो गया है।




















