पटना: गुरुवार देर रात मोकामा के विधायक अनंत सिंह के काफिले की चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह हादसा अथमालगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा पेट्रोल पंप के पास हुआ। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ और विधायक अनंत सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
Highlights:
शादी समारोह से लौट रहे थे विधायक
जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात अपने काफिले के साथ पटना लौट रहे थे। बताया गया है कि काफिले में सबसे आगे विधायक की गाड़ी चल रही थी।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई एक गाड़ी
बताया जा रहा है कि काफिले की गाड़ियां तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान विधायक की गाड़ी आगे निकल चुकी थी, जबकि पीछे चल रही एक गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे की अन्य गाड़ियों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे चार वाहन आपस में भिड़ गए।
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर! नाथवानी और बैद्यनाथ राम की जीत, कांग्रेस को झटका
चार वाहन क्षतिग्रस्त, कोई जनहानि नहीं
हादसे के बाद विधायक अनंत सिंह मौके पर रुके और साथ चल रहे लोगों का हालचाल लिया। हालांकि किसी के घायल नहीं होने की पुष्टि होने के बाद वह वहां से रवाना हो गए। दुर्घटना में काफिले की चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
थाना अध्यक्ष ने दी घटना की जानकारी
अथमलगोला स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि अनंत सिंह के काफिले की चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। गाड़ियों को नुकसान तो पहुंचा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई घायल हुआ। उन्होंने साफ़ किया कि इस दुर्घटना में विधायक अनंत सिंह की गाड़ी शामिल नहीं थी। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को फोर-लेन हाईवे के किनारे हटा दिया गया है और ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा है।






















