नामकुम में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
Namkum Brown Sugar Case: नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार-तेतरी टोली में पुलिस ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी कर 8.17 ग्राम ब्राउन शुगर, 99,680 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अमन अंसारी (24), निवासी कर्बला टैंक रोड, लोअर बाजार और करीब 40 वर्षीय आलिव मुंडा, निवासी जोरार-तेतरी टोली के रूप में हुई है।
Highlights:
गुप्त सूचना पर घर में की गई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से संबंधित सूचना मिली थी। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने जोरार-तेतरी टोली स्थित आलिव मुंडा के घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को ब्राउन शुगर, नकदी और एक मोटरसाइकिल मिली। बरामद सामान को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
ब्राउन शुगर और नकदी बरामद
पुलिस की कार्रवाई में कुल 8.17 ग्राम ब्राउन शुगर और 99,680 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच01एफएन-6516 बताया गया है। पुलिस अब बरामद नकदी, वाहन और नशीले पदार्थ से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Brijesh Ganjhu Encounter: 30 लाख का इनाम, TPC की कमान और ATS से मुठभेड़; कौन था बृजेश गंझू?
कई थानों की पुलिस टीम रही शामिल
छापेमारी अभियान में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह सहित नामकुम और टाटीसिलवे थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।




















