डोभी में पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की बड़ी खेप
Gaya Liquor Smuggling: गया जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डोभी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जोलविगहा इलाके में एक डीसीएम ट्रक की तलाशी के दौरान 300 कार्टून अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 2,673 लीटर है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे डीसीएम ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
Highlights:
धान की भूसी के बीच छिपाकर रखे गए थे शराब के कार्टून
जानकारी के मुताबिक, शराब तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। डीसीएम ट्रक में रद्दी प्लास्टिक के बोरे में धान की भूसी भरी गई थी। इसी भूसी के अंदर शराब के कार्टून छिपाकर ले जाए जा रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस को छिपाकर रखी गई शराब की खेप का पता चला। इसके बाद पूरे ट्रक की जांच की गई और शराब को जब्त कर लिया गया।
21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सुरंजन कुमार उर्फ पन्नू यादव उर्फ नागेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी औरंगाबाद जिले के कसमा थाना क्षेत्र के निमा हुंडराही गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र करीब 21 वर्ष है। उससे पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसे पहुंचाने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डीसीएम ट्रक भी पुलिस ने किया जब्त
शराब के साथ पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे डीसीएम ट्रक को भी जब्त किया है। जब्त वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर MP-13ZN-6951 बताया गया है। पुलिस अब वाहन के मालिकाना हक, शराब की सप्लाई और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Missing Child Case: तीन-चार दिनों से लापता बच्चा की संदिग्ध मौत, जंगल के नाले के पास फांसी से लटका मिला शव
अनुसंधान जारी, आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी
पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है। जांच पूरी होने के बाद गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। इस कार्रवाई में छापामार दल के साथ सैप बल और गृह रक्षक जवान भी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






















