प्रयागराज में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
CBSE East Zone Cricket Tournament: क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने प्रयागराज में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 23 सितंबर तक विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
Highlights:
अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण और कांस्य पदक

अंडर-14 बालक वर्ग में क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल के हिमांशु राजवार ने टीम-A के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं, मोहम्मद सुफियान नफीस ने टीम-B के साथ कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा अमन मरांडी और परिमल लायेक ने टीम-C के साथ कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में योगदान दिया। प्रतियोगिता में विद्यालय के अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
सीबीएसई क्षेत्रीय अधिकारी ने खिलाड़ियों को प्रदान किए पदक

पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीबीएसई प्रयागराज के क्षेत्रीय अधिकारी अनिल कुमार जैन ने पदक प्रदान किए। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों को दी बधाई
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शमीम अहमद और सचिव बेगम शमीम ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षक को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। डायरेक्टर Isa Shamim ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता मेहनत, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए लगातार अवसर और प्रोत्साहन देता रहेगा।
यह भी पढ़ें: Gaya Liquor Smuggling: गया में शराब तस्करी का खुलासा, डीसीएम ट्रक से 300 कार्टून विदेशी शराब बरामद
प्राचार्या और पीटीआई ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
विद्यालय की प्राचार्या विजेता दास ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना, चुनौतियों का सामना करना और खेल भावना बनाए रखना भी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, विद्यालय के पीटीआई शिव कुमार महतो के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की भी सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।






















