दुर्गापूजा से पहले धनबाद की सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश
Dhanbad Durga Puja: दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय में आयोजित बैठक में पूजा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले की उन सभी सड़कों को अगले सात दिनों में दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया, जो गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी के शहर भ्रमण से पहले सड़क मरम्मत का काम पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया है। डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।
Highlights:
बेहतर व्यवस्था वाली पूजा समितियों को मिलेगा नकद पुरस्कार

प्रशासन ने पूजा समितियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। बैठक में बताया गया कि पूजा पंडालों में बेहतर व्यवस्था और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पंडालों में सीसीटीवी मॉनिटरिंग, साफ-सफाई, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था जैसे मानकों को ध्यान में रखा जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
पूजा पंडाल और विसर्जन जुलूस में DJ पर रहेगी रोक

दुर्गापूजा के दौरान ध्वनि व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण रोक रहेगी। वहीं, लाउडस्पीकर का इस्तेमाल केवल निर्धारित समयावधि और तय ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा। प्रशासन ने पूजा समितियों से इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
ट्रैफिक से लेकर महिला सुरक्षा तक विशेष तैयारी

पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने आम लोगों से निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की है। पंडाल घूमने के दौरान लोगों से कीमती आभूषण पहनने से बचने और दोपहिया वाहनों में सुरक्षा के लिए ‘डबल लॉक’ इस्तेमाल करने को कहा गया है। एसएसपी प्रभात कुमार ने लोगों से अपील की कि भीड़भाड़ वाले पंडालों में जाने से पहले बच्चों की जेब में उनके नाम, पते और मोबाइल नंबर वाली पर्ची जरूर रखें।
यह भी पढ़ें: Anurag Dobhal Controversy: अनुराग डोभाल पर पत्नी रितिका के गंभीर आरोप, भाई की चोटों ने बढ़ाए सवाल; देखें वायरल वीडियो
संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस
पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विशेष रूप से पूजा पंडालों, मेलों और मुख्य बाजारों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर दिया गया है। भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे, ताकि मनचलों और असामाजिक तत्वों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन की ओर से पूजा समितियों और आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि दुर्गापूजा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।






















