Highlights:
रीगा-परसौनी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
Sitamarhi Police Encounter: रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में छह और सात अक्टूबर की मध्यरात्रि पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपितों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस से भरा एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया।
दिनेश यादव हत्याकांड के आरोपी की तलाश में चल रही थी गश्ती

पुलिस के अनुसार, मध्यरात्रि करीब 11 बजे जिला आसूचना इकाई (DIU) को सूचना मिली कि दिनेश यादव हत्याकांड का आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद रीगा थाना पुलिस, DIU टीम और हत्याकांड की जांच के लिए गठित SIT ने इलाके में सघन गश्ती शुरू की। इसी दौरान रेवासी-भवानीपुर बॉर्डर के पास पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को देखा। पुलिस का कहना है कि पुलिस वाहन को देखते ही तीनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए बाइक सवार तीनों संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने SOP का पालन करते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की फायरिंग में तीनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपितों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
तीन पिस्टल और कारतूस से भरा पिट्ठू बैग बरामद

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सुनील कुशवाहा, बेलसंड थाना क्षेत्र निवासी मणि कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र निवासी इंदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ लूट, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों का इतिहास रहा है। पुलिस अब इनके पुराने मामलों के साथ-साथ कथित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों के कब्जे से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस से भरा पिट्ठू बैग बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।






















