Hemant Soren Mother Shradh, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने 13 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और 42 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की है। प्रतिनियुक्त अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, विधि-व्यवस्था की निगरानी करने और संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Highlights:
15 से 19 अक्टूबर तक तैनात रहेंगे अधिकारी
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर आईजी मानवाधिकार कार्यालय की ओर से 12 अक्टूबर को प्रतिनियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया। यह निर्णय रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक के अनुरोध के आधार पर लिया गया है। आदेश के अनुसार, अधिकारी 15 अक्टूबर 2026 के अपराह्न से 19 अक्टूबर 2026 के पूर्वाह्न तक या कार्यक्रम समाप्त होने तक नेमरा और रामगढ़ जिले में तैनात रहेंगे। इस दौरान स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ IPS अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसटीएफ के डीआईजी इंद्रजीत महथा, एसआईबी के एसपी सौरभ, जैप-4 के समादेष्टा ऋषभ कुमार झा, विशेष शाखा के एसपी हरविंदर सिंह, एसीबी के एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, जैप-6 के समादेष्टा राजेश कुमार, सीआईडी के एसपी रोशन गुड़िया और एसीबी के एसपी श्रीराम समद को तैनात किया गया है। इसके अलावा धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, जमशेदपुर ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल, रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब और चैनपुर एसडीपीओ श्रुति को भी मौके पर जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Vaishali Boat Accident: वैशाली में भोज खाने जा रही नाव गंगा में पलटी, कई लोगों की मौत
42 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी भी रहेंगे तैनात
IPS अधिकारियों के साथ समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 42 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें गिरिडीह के अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार सहित एसटीएफ के छह डीएसपी, एटीएस के तीन डीएसपी तथा एसीबी और विशेष शाखा के अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जैप और आईआरबी बटालियनों के साथ रेल एवं यातायात डीएसपी को भी जिम्मेदारी दी गई है। इन अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, विधि-व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की निगरानी सुनिश्चित करनी होगी।
आयोजन को लेकर पुलिस मुख्यालय सतर्क
श्राद्ध कार्यक्रम में संभावित भीड़ और आयोजन की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की है। प्रतिनियुक्ति का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान शांति बनाए रखना और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करना है। अधिकारियों को निर्धारित अवधि तक नेमरा और रामगढ़ में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।






















