Chakradharpur Railway Station News: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक अज्ञात यात्री का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यात्री का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
Highlights:
टॉयलेट का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने से हुआ संदेह
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12151 के स्लीपर कोच एस-7 के टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से बंद था। टॉयलेट का इस्तेमाल करने पहुंचे यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद यात्रियों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक व्यक्ति दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने ट्रेन में मौजूद टीटीई को इसकी सूचना दी। टीटीई से जानकारी मिलने के बाद रेल मंडल के कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया।
चक्रधरपुर स्टेशन पर खोला गया टॉयलेट का दरवाजा
शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे समरसता एक्सप्रेस के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। टॉयलेट का दरवाजा खुलवाने पर अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। स्टेशन मास्टर और अन्य रेलकर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर रखा गया। इसके बाद रेलवे अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच की और यात्री को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान में जुटी जीआरपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री अकेले सफर कर रहा था। वह किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और उसे कहां जाना था, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ घटना से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगी परिस्थितियां
ट्रेन के टॉयलेट में शव मिलने की घटना से यात्रियों के बीच चिंता का माहौल रहा। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृत्यु आत्महत्या से हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसका स्पष्ट पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।






















