Dhanbad Cricket Association: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के नये क्रिकेट सत्र की शुरुआत चैंपियंस लीग सीनियर टूर्नामेंट से होगी। छठ महापर्व के बाद इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में हुई प्रबंध समिति की बैठक में इसकी जानकारी दी गई। संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पिछले सत्र में बारिश के कारण यह टूर्नामेंट आयोजित नहीं हो सका था। हालांकि, प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
Highlights:
22 नवंबर तक जमा होंगे टीमों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म
बैठक में नये सत्र के लिए टीमों और खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। सुपर डिवीजन की एलीट और प्लेट श्रेणी के साथ ए डिवीजन की टीमों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म 22 नवंबर तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 24 से 30 नवंबर तक चलेगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि विभिन्न आयु वर्गों के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए जिन खिलाड़ियों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा शुल्क नहीं देना होगा। इसके अलावा, एक टीम में राज्य से बाहर के अधिकतम तीन खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। हालांकि, ऐसे खिलाड़ियों को जिला टीम में चयनित नहीं किया जा सकेगा।
अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 के होंगे टूर्नामेंट
नये सत्र में डीसीए की ओर से युवा खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिता का अवसर दिया जाएगा। संघ ने अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के लिए तीन अलग-अलग टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा की है। प्रत्येक प्रतियोगिता में 12-12 टीमें हिस्सा लेंगी। बैठक में इन टूर्नामेंट के प्रारूप को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
वहीं, स्कूल स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए स्कूल टूर्नामेंट कमेटी की बैठक 23 नवंबर को बुलाई गई है। इस बैठक के बाद स्कूल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की तारीख घोषित की जाएगी।
प्रतियोगिताओं के लिए प्रायोजक जोड़ने पर चर्चा
डीसीए की बैठक में आगामी प्रतियोगिताओं के आयोजन को बेहतर बनाने के लिए प्रायोजकों को जोड़ने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। आमंत्रित वित्त समिति और चयन समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। संघ की योजना नये सत्र में विभिन्न आयु वर्गों और डिवीजनों की प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की है।
रामजी यादव का सहायक सचिव बनने पर स्वागत
बैठक में डीसीए के नये सहायक सचिव रामजी यादव का स्वागत किया गया। पदाधिकारियों और सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके मनोनयन से मुगमा और निरसा क्षेत्र में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग, शांतनु चौधरी और जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संयुक्त सचिव बीएच खान तथा सहायक सचिव रत्नेश कुमार सिंह और अभिजीत घोष मौजूद थे। कार्यकारिणी सदस्य द्वारिका तिवारी, सुधीर पांडेय, डॉ. राजशेखर सिंह, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह और शिव शक्ति प्रसाद भी बैठक में शामिल हुए।
विशेष आमंत्रित सदस्यों में जेएससीए कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास और अशोक चौरसिया उपस्थित थे। चयनकर्ताओं में मनीष वर्धन, अमीर हाशमी और अभिषेक मोइत्रा ने भी बैठक में भाग लिया।






















