Darbhanga Jeweller Robbery Case: बिहार के दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी से हथियार के बल पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 62.040 किलोग्राम चांदी जैसी धातु, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में एक भाजपा नेता भी शामिल है, जिसके नगर महामंत्री होने की बात सामने आई है।
Highlights:
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने मंगलवार देर शाम प्रेस वार्ता में बताया कि 7 नवंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अपराधियों ने कारोबारी के वाहन को निशाना बनाया था। हथियार के बल पर चालक को डराकर चांदी और नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था। घटना के बाद अपराधी फरार हो गए थे। इस संबंध में सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
कई दिनों तक कारोबारी के वाहन की करते रहे रेकी
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस जांच में पता चला कि लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधियों ने पहले से योजना बना रखी थी। इसके तहत निक्की साह के कौशल रेस्टोरेंट के पास सर्राफा कारोबारी के वाहन की कई दिनों तक रेकी की गई थी। अपराधियों को कारोबारी के आने-जाने और वाहन की गतिविधियों की जानकारी थी।
7 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे अपराधियों ने कारोबारी के वाहन का पीछा करना शुरू किया। इसके बाद सुनसान स्थान पर वाहन को रोककर हथियार के बल पर चालक को भयभीत किया और चांदी तथा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
छोटू कुमार यादव की गिरफ्तारी से खुली गिरोह की कड़ी
घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में केवटी थाना क्षेत्र निवासी छोटू कुमार यादव के घर छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, भागने का प्रयास कर रहे छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ और उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपितों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया।

62 किलो चांदी जैसी धातु और 5.94 लाख रुपये बरामद
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटू कुमार यादव, विशाल महतो उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह और तेजस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 62.040 किलोग्राम चांदी जैसी धातु और 5,94,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इसके अलावा टाटा टिगोर और मारुति स्विफ्ट कार जब्त की गई हैं। पुलिस ने ओप्पो, वीवो और रेडमी कंपनी के कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। घटनास्थल से जुड़ा 7.65 एमएम का एक खोखा भी मिला है, जिस पर केएफ अंकित है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
हथियार और अन्य आरोपितों की तलाश जारी
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपितों का गिरोह इससे पहले किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






















