बलियापुर:झरिया बलियापुर पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का सफल पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये के जेवरात, मोबाइल फोन, लैपटॉप, इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन समेत कई चोरी की वस्तुएं बरामद हुई हैं।
गुरुवार को बलियापुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 1 सितंबर 2025 की रात बलियापुर निवासी चंडी चरण चटर्जी के घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद, सात-आठ सोने के गहने, सैमसंग मोबाइल, गाड़ी की चाबी, आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गया था।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर, थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने छापेमारी कर झरिया के बालुगदा निवासी बादल महतो (23 वर्ष) और बेलगड़िया कॉलोनी निवासी ललन मंडल उर्फ लाला (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बलियापुर के अलावा झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, ये दोनों पेशेवर अपराधी हैं जिनके खिलाफ झरिया, जोरापोखर, तिसरा तथा बलियापुर थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से अब तक कुल छह चोरी कांडों का खुलासा हो चुका है।
बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






















