
बाघमारा: बाघमारा प्रखंड के महेशपुर पंचायत अंतर्गत बरडार बस्ती में ग्रामीण कार्य विभाग, धनबाद द्वारा डीएमएफटी योजना के तहत 0.570 किमी लंबी ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य का रविवार को शिलान्यास किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सड़क का उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के अभाव में स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी, जिसे ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान कुछ ग्रामीण महिलाओं ने आवास की समस्या और पेयजल संकट जैसे मुद्दे भी उठाए। विधायक ने उनकी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महेशपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार महतो, जिला परिषद सदस्य वाणी देवी, सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी, शनिचर टुडू, कमलेश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





















