Darbhanga Minor Assault Case, दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में दो साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 48 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद गंभीर हालत में बच्ची को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
Highlights:
बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। बताया गया है कि वह बच्ची को घर से करीब 200 मीटर दूर एक बगीचे में ले गया, जहां कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया।
काफी देर तक घर नहीं लौटी बच्ची
बच्ची के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्ची की हालत देखकर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

DMCH में बच्ची का इलाज जारी
गंभीर हालत में बच्ची को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बच्ची की हालत नाजुक बताई गई है।
SDPO ने की घटना की पुष्टि
मामले में कमतौल के SDPO-2 एसके सुमन ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।























