पलामू : पांकी प्रखंड के कोनवाई बस स्टैंड के पास मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। स्कूल बसों को भी रोका गया।
जाम की सूचना मिलते ही पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को बुलाकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की नाराज़गी बनी रही। करीब दो घंटे के बाद पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता जाम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ललित प्रसाद सिंह, कोनवाई पंचायत के मुखिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।





















