धनबाद : धनबाद के धनसार थाना इलाके में गांधी नगर के लोग अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री से बेहद परेशान हैं। इसको लेकर मोहल्लेवासियों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया और थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सब्जी बागान स्थित माड़ी गोदाम में अवैध शराब,गांजा और चरस की बिक्री का आरोप सामने आया है। रविवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष एक महिला के घर के बाहर जमा होकर विरोध जताने लगे।मामले में मोहल्लेवासियों ने धनसार थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
स्थानीय निवासी दिलीप कुशवाहा ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से यहां महुआ शराब बेची जा रही है। वहीं, तीन महीने से गांजा और चरस का कारोबार भी शुरू हो गया है।
“नशे में धुत लोग देर रात तक गाली-गलौज करते हैं… महिलाएं और लड़कियां असुरक्षित महसूस करती हैं।”
लोगों ने आरोप लगाया कि पहले भी पुलिस ने यहां छापेमारी कर गांजा और शराब बरामद किया था, लेकिन घर के लोग फरार हो गए थे। इसके बावजूद अवैध कारोबार फिर से शुरू हो गया है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एएसआई संजीव कुमार ने कहा कि महिला कांस्टेबल की अनुपस्थिति में घर के अंदर प्रवेश संभव नहीं था। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी थाना को दी गई है और जल्द कार्रवाई होगी।






















