बाघमारा:बरोरा थाना क्षेत्र के मुराईडीह कोलियरी स्थित कोल माइन्स के पोखरिया में बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पाकर बरोरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और शव को पानी से बाहर निकालने में जुट गई। चूँकि क्षेत्र माइंस एरिया है, इसलिए शव को निकालने में पुलिस और राहत कर्मियों को काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बाद में मृतका की पहचान मुराईडीह कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय शैबुन खातून के रूप में हुई। बताया गया कि शैबुन खातून करीब 15 दिन से लापता थीं, जिसकी सूचना पहले ही बरोरा थाना में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, मामला पूरी तरह से संदेहास्पद है। फिलहाल, मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।






















