Dhanbad Cricket Association AGM: धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) की मंगलवार को धनबाद क्लब में वार्षिक आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन, धनबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले क्रिकेटरों को मानद सदस्यता देने और क्रिकेट गतिविधियों के विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में शामिल करीब 160 सदस्यों का स्वागत महासचिव विनय कुमार सिंह ने किया। अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए संघ की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
Highlights:
तीन JSCA टूर्नामेंट में धनबाद की टीम बनी विजेता
अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पिछला सत्र धनबाद क्रिकेट के लिए गौरवपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि जेएससीए की तीन प्रतियोगिताओं में धनबाद की टीम विजेता बनी। इसके अलावा कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर ने राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की। अध्यक्ष ने खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं, कोच और सपोर्ट स्टाफ के योगदान की सराहना की। बैठक में सत्र के क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए चुने गए खिलाड़ियों की भी जानकारी दी गई। सीनियर पुरुष वर्ग में कोनैन कुरैशी, महिला वर्ग में अनंदिता किशोर, जूनियर पुरुष वर्ग में सिद्धार्थ सिन्हा और महिला वर्ग में वृष्टि कुमारी को चुना गया है। इन सभी खिलाड़ियों को 27 सितंबर को वेडिंग बेल्स में आयोजित वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

काको मैदान में स्थानीय मैच कराने की तैयारी
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। अध्यक्ष ने बताया कि संघ का खर्च बढ़ने के बावजूद आर्थिक स्थिति सरप्लस में बनी हुई है। सदस्यों ने ऑडिट रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि काको मैदान के निर्माण में जेएससीए से महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। अब इस मैदान पर स्थानीय मैचों का आयोजन शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। कतरास क्षेत्र में मैदान की कमी को देखते हुए वहां मैदान से संबंधित अंतिम कार्य पूरा कराने के लिए लगभग तीन लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदस्यों ने मंजूरी दे दी। ऑडिटर के रूप में श्याम पसारी की पुनर्नियुक्ति पर भी सहमति बनी।
DCA एप से ऑनलाइन होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
धनबाद क्रिकेट संघ को धीरे-धीरे पेपरलेस बनाने की दिशा में भी कदम उठाया जा रहा है। अध्यक्ष ने बताया कि संघ का एप विकसित किया जा रहा है। इस एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन सहित अन्य प्रक्रियाएं ऑनलाइन पूरी की जा सकेंगी। इससे खिलाड़ियों और संघ से जुड़े सदस्यों को कागजी प्रक्रिया से राहत मिलने की उम्मीद है। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि प्रबंध समिति की लगातार पांच बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले सदस्य के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें: Tundi Palma Elephant Terror: टुंडी के पलमा में 39 हाथियों का आतंक, 9 घरों को नुकसान; एलिफेंट कॉरिडोर की मांग
जेएससीए को भेजा जाएगा प्रशंसा पत्र
अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि जेएससीए में अजयनाथ शाहदेव, सौरभ तिवारी और शाहबाज नदीम के नेतृत्व में बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने पूर्वी क्षेत्र के 13 वर्ष बाद दलीप ट्रॉफी चैंपियन बनने का उल्लेख करते हुए जेएससीए को औपचारिक रूप से प्रशंसा पत्र भेजने की बात कही। बैठक को डॉ. इश्तियाक अहमद और इम्तियाज हुसैन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर संघ के वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, एसएन सिंह, वाईएन नरूला, जेके नैयर, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, आशनी सिंह, अभिषेक सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।






















