धनबाद: धनबाद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक मिली हैं। पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने फीता काटकर और स्वयं बाइक चलाकर इसका शुभारंभ किया।
उपायुक्त ने कहा कि नई बाइक मिलने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिसिंग और मजबूत होगी। खासकर भीड़भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। पुलिस कंट्रोल रूम, संचार व्यवस्था और निगरानी तंत्र को भी हाईटेक बनाया जा रहा है ताकि आम लोगों को बेहतर सुरक्षा और त्वरित सेवा मिल सके।
वहीं एसएसपी ने बताया कि नई बाइक जिले के विभिन्न थानों में भेजी गई हैं और इनका इस्तेमाल चौबीसों घंटे गश्त के लिए किया जाएगा। सभी बाइक जीपीएस सिस्टम, सायरन, ब्लिंकर और वायरलेस सेट जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं।
उन्होंने कहा कि डायल 112 सेवा में धनबाद पुलिस का रेस्पॉन्स टाइम पूरे झारखंड में बेहतर है और नई बाइक मिलने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और तेज होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नई हाईटेक बाइक के शामिल होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और भी तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।





















