जम्मू: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जम्मू उप-आंचलिक कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत लगभग ₹1 करोड़ मूल्य की अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह संपत्ति मेसर्स विदित हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की पानीपत (हरियाणा) स्थित औद्योगिक भूमि है।
ईडी की कार्रवाई NCB, जम्मू द्वारा दर्ज मामले पर आधारित है, जिसमें विदित हेल्थकेयर के माध्यम से अवैध रूप से कोडीन आधारित कफ सिरप (CBCS – “Cocrex”) की आपूर्ति और दुरुपयोग की जानकारी सामने आई थी। जांच में पाया गया कि 2018–2024 के बीच कंपनी ने लगभग ₹16.74 करोड़ मूल्य का CBCS निकेत कंसल द्वारा संचालित विभिन्न फार्मा फर्मों को बेचा। इन दवाओं का कुछ हिस्सा श्रीनगर निवासी रईस अहमद भट्ट तक भी पहुँचा था, जिससे 14 जनवरी 2024 को एनसीबी ने भारी मात्रा में सिरप बरामद किया था।
ईडी के अनुसार, इस बिक्री से विदित हेल्थकेयर ने लगभग ₹2.92 करोड़ का अवैध लाभ कमाया। इससे पहले 13 फरवरी 2025 को नीरज भाटिया और निकेत कंसल के परिसरों पर छापेमारी में ₹32 लाख नकद और ₹1.61 करोड़ के आभूषण जब्त किए गए थे। अब लगभग ₹1 करोड़ की अचल संपत्ति भी कुर्क कर दी गई है।
जांच अभी जारी है।






















