Gopalganj Liquor Smuggling: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी के लिए तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। गोपालगंज में शराब तस्करी का ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तस्कर ने गैस सिलेंडर के अंदर ही गुप्त तहखाना बना रखा था। इसी तहखाने में शराब की बोतलें छिपाकर ले जायी जा रही थीं। उत्पाद पुलिस ने जांच के दौरान इस तरीके का खुलासा करते हुए बाइक सवार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाइक भी जब्त कर ली है।
Highlights:
चादर से ढककर ले जाया जा रहा था सिलेंडर
मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के कर्म टोला फुलवरिया के पास का है। उत्पाद पुलिस की टीम इलाके में शराब के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर एक सिलेंडर लदा हुआ था, जिसे चादर से ढककर रखा गया था। पुलिस को शक हुआ तो बाइक को रोककर सिलेंडर की जांच शुरू की गयी। चादर हटाने के बाद जब सिलेंडर की जांच की गयी तो पुलिस भी हैरान रह गयी।
सिलेंडर के अंदर बना था गुप्त तहखाना
जांच के दौरान सिलेंडर के अंदर एक गुप्त तहखाना मिला। इसी जगह पर गैस की जगह शराब की बोतलें छिपाकर रखी गयी थीं। उत्पाद पुलिस के मुताबिक, सिलेंडर से 200 एमएल की 127 पीस बंटी-बबली शराब बरामद की गयी है। कार्रवाई के दौरान बाइक को भी जब्त कर लिया गया और आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
यूपी से कहां लाई गयी थी शराब? जांच में जुटी पुलिस
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश तेज
उत्पाद विभाग के अनुसार, बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गोपालगंज के अलग-अलग इलाकों में वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। गैस सिलेंडर के अंदर बनाए गये गुप्त तहखाने के खुलासे के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस शराब के पीछे कौन लोग हैं और उत्तर प्रदेश से गोपालगंज तक चल रहे इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। इससे पहले गोपालगंज में ही पुलिस ने एक बोलेरो से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद करने के मामले में पांच महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था।






















