धनबाद:केंदुआडीह क्षेत्र में पिछले करीब 13 दिनों से जारी गैस रिसाव की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। गैस रिसाव पर नियंत्रण के लिए बीसीसीएल द्वारा ठोस और प्रभावी पहल नहीं किए जाने के विरोध में केंदुआ क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक विशाल मशाल जुलूस निकाला।
इस मशाल जुलूस में केंदुआडीह की राजपूत बस्ती, मुस्लिम बस्ती, नया बाजार, करकेंद, पासी-दौड़ा, खैरा, अल्कुसा और गोधर क्षेत्र के हजारों ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि बीते तेरह दिनों से वे भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल द्वारा किए गए अवैज्ञानिक और गलत खनन कार्यों के कारण इलाके में जहरीली गैस का लगातार रिसाव हो रहा है। इस गैस रिसाव के कारण अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी और अन्य गंभीर लक्षणों से पीड़ित होकर इलाज करा चुके हैं। गैस का असर पशु-पक्षियों पर भी साफ तौर पर देखा जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गैस रिसाव पर नियंत्रण नहीं किया गया और प्रभावित लोगों को राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






















