निरसा: निरसा अनुमंडल के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुष्पा लॉज के सामने स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से बालू का भंडारण किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर रात खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर दो बालू लदे ट्रक और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि जब्त दोनों ट्रकों में बालू लोड था, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से लोड किया गया था।
इस संबंध में खनन विभाग के इंस्पेक्टर श्यामनंदन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्पा लॉज के सामने एक गोदाम में अवैध रूप से बालू का भंडारण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद छापेमारी की गई, जिसमें दो ट्रक बालू समेत जब्त किए गए। साथ ही बालू लोड करने में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को भी जब्त किया गया है।
छापेमारी टीम में खनन विभाग के अधिकारी ब्रह्मदेव कुमार यादव, राजकुमार दास सहित चिरकुंडा थाना की पुलिस बल मौजूद थी। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















