छपरा: सारण जिले में एक बार फिर घूसखोर कनीय अभियंता को निगरानी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है यह घटना जिले के पानापुर में हुई है।जहां पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने एक कनीय अभियंता को ₹50 हजार की घूस लेते रंगे हाथ दबोचा लिया है।जिससे निगरानी की टीम पूछताछ कर रही है।वही पूछताछ के क्रम में उसे तरैया प्रखंड स्थित उसके क्वार्टर पर ले जाकर जांच पड़ताल की जा रही है।गिरफ्तार कनीय अभियंता राजा करीम पानापुर पंचायती राज विभाग में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत है। उसकी गिरफ्तारी चकिया पंचायत भवन से हुई है।
इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पंचायत अंतर्गत कराए गए कार्य के ₹10 लाख रुपए का भुगतान को लेकर कनीय अभियंता के द्वारा 5% का कमीशन की मांग किया गया था।जिसके कारण बिल पास नहीं हो रहा था।जिसको लेकर एजेंसी के द्वारा पटना में निगरानी विभाग को शिकायत की गई थी। जिसके बाद निगरानी विभाग के द्वारा जाल बिछाया गया और ₹50 हजार घूस की रकम चकिया पंचायत भवन में देने के दौरान निगरानी विभाग की टीम ने कनीय अभियंता राजा करीम को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पूछताछ जारी है।
इस मामले में निगरानी के डीएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि उक्त बात की जानकारी बराबर मिल रही थी और आज जब वह पैसा लेने के लिए अपने आवास पर उस आदमी को बुलाया था तभी निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया। गौर तलब है कि पिछले 4 महीने में सारण जिले से तीन घूसखोरी कर्मचारियों को निगरानी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है।





















