खूंटी में 276 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों का तबादला
Khunti Police Transfer, खूंटी: जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक से लेकर हवलदार और आरक्षी स्तर तक कुल 276 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों का तबादला और नई जगह प्रतिनियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार पुलिस अधिकारियों और जवानों को जिले के अलग-अलग थानों, पिकेट, न्यायालय, उपकारा और महत्वपूर्ण सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
Highlights:
बाबू बंशी साव बने खूंटी थाना प्रभारी
पुलिस केंद्र में तैनात पुलिस निरीक्षक बाबू बंशी साव को खूंटी थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस निरीक्षक परशुराम पासवान को तोरपा अंचल और अनिल उरांव को खूंटी अंचल में पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा 14 पुलिस पदाधिकारियों के पदस्थापन में भी बदलाव किया गया है। सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को मुरहू थाना और जय कुमार को खूंटी थाना भेजा गया है। वहीं ASI लालजी यादव को तोरपा थाना, अमित भूषण कुजूर को तपकारा थाना और किरीटी भूषण महतो को मुरहू थाना में पदस्थापित किया गया है। महिला ASI मंजु लकड़ा को खूंटी थाना से हिन्दी शाखा में पदस्थापित किया गया है।
247 हवलदार और आरक्षियों की भी नई जगह प्रतिनियुक्ति
एसपी कार्यालय की ओर से जारी एक अन्य आदेश के तहत जिला बल के 247 हवलदारों और आरक्षियों की नई जगह प्रतिनियुक्ति की गई है। इन जवानों को खूंटी, तोरपा, कर्रा, रनिया, तपकारा और जरियागढ़ समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। इन्हें रिजर्व गार्ड, उपकारा सुरक्षा, व्यवहार न्यायालय, लोधमा पिकेट के अलावा वीआईपी और प्रशासनिक आवास की सुरक्षा जैसी जिम्मेदारियां दी गई हैं।

24 घंटे के भीतर नई जगह योगदान का निर्देश
एसपी ने तबादले और प्रतिनियुक्ति के आदेश का पालन करने के लिए सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश जारी किया है। आदेश के अनुसार, सभी स्थानांतरित कर्मियों को 24 घंटे के भीतर अपनी नई जगह पर योगदान देना होगा। इसके बाद उन्हें योगदान की अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस व्यवस्था में फेरबदल के बाद नई जिम्मेदारियां
जिले में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के तबादले और प्रतिनियुक्ति के बाद अलग-अलग थानों और सुरक्षा इकाइयों में नई जिम्मेदारियां लागू होंगी। अधिकारियों से लेकर जवानों तक की नई तैनाती के साथ पुलिस बल के कामकाज में भी बदलाव आएगा। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समयसीमा में नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।






















