Lalu Prasad Fodder Scam Case: चारा घोटाले के देवघर कोषागार से अवैध निकासी मामले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद की अपील पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। मंगलवार को जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत में बचाव पक्ष ने अपनी दलीलें पेश कीं। लालू प्रसाद की ओर से अधिवक्ता ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ चल रही विजिलेंस जांच रोकने या लंबित रखने का कोई आदेश नहीं दिया था। बचाव पक्ष ने सरकारी दस्तावेजों का हवाला देते हुए अभियोजन पक्ष के आरोपों को चुनौती दी। अदालत ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 26 नवंबर की तारीख निर्धारित की है।
Highlights:
50 लाख रुपये के लेन-देन का कोई दस्तावेजी साक्ष्य नहीं
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने विजिलेंस विभाग की फाइल नोटिंग और अन्य दस्तावेज अदालत के सामने रखे। अधिवक्ता ने दलील दी कि अभियोजन पक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री रहते हुए लालू प्रसाद ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ चल रही विजिलेंस जांच रुकवा दी थी। आरोप के मुताबिक, इस सिलसिले में 50 लाख रुपये आरके राणा को दिए गए थे, जिनमें से कुछ रकम लालू प्रसाद तक पहुंचाई जानी थी।
बचाव पक्ष ने इस आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि कथित लेन-देन के संबंध में कोई दस्तावेजी या मौखिक साक्ष्य मौजूद नहीं है। अधिवक्ता के अनुसार, विजिलेंस की फाइल संख्या बीएस-23/94 (प्रदर्श-10/34) में भी 50 लाख रुपये के लेन-देन का कोई उल्लेख नहीं मिलता है। बचाव पक्ष ने इसी आधार पर अभियोजन के आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया।
विजिलेंस फाइल में जांच रोकने का आदेश नहीं होने का दावा
अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि वर्ष 1994 में जगदीश शर्मा ने विधानसभा की लोक लेखा समिति (पीएसी) की जांच का हवाला देते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसमें अनुरोध किया गया था कि पीएसी की जांच पूरी होने तक पशुपालन विभाग से जुड़े मामले की विजिलेंस जांच रोक दी जाए।
बचाव पक्ष के मुताबिक, संबंधित फाइल की नोटिंग से यह साबित नहीं होता कि तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने जांच रोकने का कोई आदेश दिया था। अधिवक्ता ने बताया कि फाइल पांच जुलाई 1994 को मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंची थी और 29 मार्च 1995 को बिना किसी आदेश के वापस कर दी गई थी। उन्होंने यह भी दलील दी कि इस दौरान फाइल मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाने का स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध नहीं है।
दो फरवरी 1996 के आदेश को बनाया बचाव का आधार
बचाव पक्ष ने अदालत में दो फरवरी 1996 के एक आदेश का भी हवाला दिया। अधिवक्ता के अनुसार, मई 1995 में नई सरकार बनने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले में दोबारा जांच शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई थी। हालांकि, पीएसी की जांच पूरी होने तक विजिलेंस जांच स्थगित रखने का प्रस्ताव दिया गया था।
इसके बाद दो फरवरी 1996 को तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने निर्देश दिया था कि पीएसी से संबंधित दस्तावेजों की फोटोकॉपी लेकर एक महीने के भीतर विजिलेंस जांच पूरी की जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बचाव पक्ष ने दलील दी कि यह आदेश जांच रोकने के अभियोजन पक्ष के आरोप के विपरीत है। उनके अनुसार, इस आदेश से जांच को आगे बढ़ाने की मंशा सामने आती है।
धारा 313 के बयान का भी अदालत में किया उल्लेख
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने सीआरपीसी की धारा 313 के तहत दर्ज लालू प्रसाद के बयान का भी उल्लेख किया। अधिवक्ता के अनुसार, सवाल संख्या 22 के जवाब में लालू प्रसाद ने कहा था कि उन्होंने विजिलेंस जांच नहीं रुकवाई थी, बल्कि तत्कालीन डीजी विजिलेंस डीएन सहाय ने जांच रोकी थी।
बचाव पक्ष का दावा है कि लालू प्रसाद का यह बयान विजिलेंस विभाग की फाइल में दर्ज नोटिंग से मेल खाता है। इसी आधार पर अधिवक्ता ने अदालत के समक्ष यह तर्क रखा कि जांच रोकने की जिम्मेदारी लालू प्रसाद पर डालने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं हैं। हालांकि, इस मामले में अदालत का अंतिम फैसला आना अभी बाकी है।
देवघर कोषागार से 89.27 लाख रुपये की हुई थी अवैध निकासी
उल्लेखनीय है कि यह मामला देवघर कोषागार से पशु चारे के नाम पर 89.27 लाख रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है। वर्ष 1990 से 1994 के बीच हुई इस निकासी को लेकर सीबीआइ ने आरसी-64/1996 के तहत मामला दर्ज किया था। लालू प्रसाद ने सीबीआइ की विशेष अदालत के फैसले को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत ने इस मामले में लालू प्रसाद को दोषी ठहराते हुए साढ़े तीन साल की सजा और पांच लाख रुपये जुर्माने का आदेश दिया था। इसी सजा के खिलाफ उनकी आपराधिक अपील पर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। लालू प्रसाद समेत अन्य सजायाफ्ताओं की कई आपराधिक अपीलें एक साथ सूचीबद्ध हैं। अब मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।






















