निरसा: निरसा अनुमंडल अंतर्गत कुमारधुबी स्टेशन के पश्चिम स्थित बीसीएल कांटा के समीप डाउन रेल लाइन पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से मैथन क्षेत्र के रांची कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय प्रमोद सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रमोद सिंह रेल पटरी पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही डाउन ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कुमारधुबी जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
प्रमोद सिंह के असामयिक निधन से परिजनों में कोहराम मच गया । स्थानीय लोगों ने बताया कि वह सुबह रोजाना की तरह घर से निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी सुबह होगी। रेलवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रेल पटरी पार करते समय सावधानी बरतें और रेलवे फाटक का ही उपयोग करें।मृतक प्रमोद सिंह का एक पुत्री एव एक पुत्र हैं।






















