रांची : वार्ड संख्या 15 की पार्षद प्रत्याशी मुस्कान प्रवीण ने आज एक प्रेस वार्ता आयोजित कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को मीडिया के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रही है, लेकिन अब तक उनके समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
मुस्कान प्रवीण ने बताया कि वार्ड में नालियों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, बिजली आपूर्ति अनियमित बनी हुई है और जर्जर सड़कों के कारण आम लोगों को रोज़मर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर वार्ड की जनता में गहरी नाराज़गी व्याप्त है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने वार्डवासियों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिलता है, तो नाली, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही वार्ड के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।






















