पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 नवंबर को राजधानी पटना पहुंचेंगे, जहां वे एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो करेंगे। बिहार भाजपा इस कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी तरह जुटी हुई है।
कार्यक्रम के अनुसार, शाम 4 बजे रोड शो की शुरुआत दिनकर गोलंबर से होगी। इसके बाद यह जुलूस नाला रोड, ठाकुरबाड़ी रोड, बारी पथ, और बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान के समीप उद्योग भवन तक पहुंचेगा, जहां रोड शो का समापन होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ट्रैफिक रूट भी निर्धारित किए गए हैं।
पीएम मोदी अगले दिन 3 नवंबर को कटिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वे यहां एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी तारकिशोर प्रसाद के समर्थन में चुनावी रैली करेंगे।
कटिहार जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पुष्टि की है। जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर बाद 3 बजे कटिहार पहुंचेंगे। उनके संबोधन के लिए भसना के पास सभा स्थल निर्धारित किया गया है, जहां पास में ही हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।





















