खराब हाइवा से टकराया सेब लदा ट्रक
Rajganj Road Accident: राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर स्थित गोल्डन पंप के समीप बुधवार रात करीब नौ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर खड़े खराब हाइवा से सेब लदा ट्रक टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ट्रक चालक ओमकांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। वहीं, उनके सगे भाई और सहचालक सत्या कुमार भी वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। दोनों करीब 45 मिनट तक ट्रक में फंसे रहे।
Highlights:
हिमालय से सेब लेकर कोलकाता जा रहा था ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा संख्या जेएच 10 ए क्यू-8380 सड़क पर खराब हालत में खड़ा था। इसी दौरान हिमालय क्षेत्र से सेब लादकर कोलकाता जा रहा ट्रक संख्या एनएल 01 एई-5878 अनियंत्रित होकर हाइवा से जा भिड़ा। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व सहचालक अंदर फंस गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
बारिश के बीच 45 मिनट तक चला बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उस समय तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब पौने दस बजे एनएचएआई की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पुलिस, ग्रामीणों और एनएचएआई की टीम ने संयुक्त प्रयास कर दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला।
दोनों घायलों को SNMMCH भेजा गया
रेस्क्यू के बाद चालक ओमकांत कुमार और सहचालक सत्या कुमार को इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमसीएच भेजा गया। चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के दौरान राजगंज थाना के दारोगा संजय यादव पुलिस जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहे। मुखिया प्रतिनिधि भोलानाथ महतो समेत स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
यह भी पढ़ें: Dhanbad Encounter: पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़, एक घायल; दो गिरफ्तार
खराब वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लेन सड़क पर खराब वाहनों को बिना पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था के खड़ा कर दिया जाता है। इससे रात के समय दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने मांग की है कि हाईवे पर खराब वाहनों को खड़ा करने से पहले उचित चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।






















