सारण में जिउतिया पर दर्दनाक हादसा
Saran News: बिहार के सारण जिले में जिउतिया पर्व के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। बनियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा लौंवा गांव में शुक्रवार को तालाब में स्नान करने गईं दो बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। इस घटना में 11 वर्षीय परिधि कुमारी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची ज्योति कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार के दिन हुई इस घटना से गांव के लोग भी शोक में हैं।
Highlights:
जिउतिया पर तालाब में स्नान करने गई थीं दोनों बच्चियां

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिउतिया पर्व के अवसर पर गांव की महिलाएं तालाब में स्नान करने गई थीं। उनके साथ परिधि कुमारी और ज्योति कुमारी भी गई थीं। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। दोनों बच्चियों को पानी में डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े और उन्हें बचाने के लिए प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों ने दोनों को तालाब से निकाला
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक 11 वर्षीय परिधि कुमारी की मौत हो चुकी थी। दूसरी बच्ची ज्योति कुमारी की हालत गंभीर बताई गई। उसे बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान परिधि कुमारी के रूप में हुई
मृत बच्ची की पहचान बड़ा लौंवा गांव निवासी स्वर्गीय श्रीराम राय की 11 वर्षीय पुत्री परिधि कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी बच्ची ज्योति कुमारी संजीत यादव की पुत्री है। दोनों बच्चियां जिउतिया पर्व के अवसर पर स्नान करने के लिए तालाब पहुंची थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिसने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
यह भी पढ़ें: Saran Flood News: बिहार बाढ़ के बीच दर्दनाक हादसा, हेलीकॉप्टर से गिरा राशन और चली गई 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिधि की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।






















