धनबाद : शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में गुरुवार रात हुए बवाल के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। चिकित्सकों ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में आरक्षी चौकी होने के बावजूद पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, इसी कारण असामाजिक तत्व आसानी से घुसकर डॉक्टरों के साथ मारपीट कर देते हैं।
घटना के विरोध में इमरजेंसी वार्ड का ताला जड़ दिया गया है और माइनर ओटी का गेट भी बंद कर दिया गया है। आपातकालीन गेट को डॉक्टरों, जूनियर छात्रों और अस्पताल कर्मियों ने जाम कर दिया है। अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
हड़ताल के कारण कई गंभीर मरीजों को वापस लौटा दिया गया है। मरीजों के परिजनों ने एंबुलेंस समय पर नहीं मिलने की बात कहकर डॉक्टरों से मारपीट की, जिससे चिकित्सकों में गहरा आक्रोश है। फिलहाल डॉक्टर और छात्र वरीय अधिकारियों के आने का इंतजार कर रहे हैं।






















