निरसा: निरसा विधानसभा क्षेत्र के शिवलीबाड़ी उत्तर पंचायत में मैथन सिरामिक के पीछे स्थित बाबू खाद से शुक्रवार की सुबह लगभग 8 फुट लंबा अजगर पकड़ा गया। अजगर का वजन लगभग 10 किलो बताया जा रहा है।
पूर्व मुखिया मोहम्मद सनोवर ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मछली जाल का उपयोग कर अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। इसके बाद उसे पंचेत के स्नेक सेविंग एक्सपर्ट लालटू चौधरी को सौंपा गया, जिन्होंने अजगर को पंचेत जीरो पॉइंट के जंगल में छोड़ दिया।
मोहम्मद सनोवर ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि बाबू खाद में बड़ा अजगर है, जहाँ लोग नहाने और कपड़े धोने आते हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर अजगर को पकड़ने में मदद की।
रेस्क्यू टीम के लालटू चौधरी ने कहा कि सांपों को मारा नहीं जाना चाहिए, बल्कि सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ देना चाहिए, क्योंकि पेड़ और सांप दोनों पर्यावरण संतुलन के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर कई ग्रामीण मौके पर देखने भी पहुंचे।





















