सुलभ शौचालय के सामने जुट रही युवा पीढ़ी की भीड़, गर्मी छुट्टी में बढ़ा चलन
Highlights:
झरिया: झरिया थाना क्षेत्र के चार नम्बर बस स्टैंड के समीप सुलभ शौचालय के सामने बड़े पैमाने पर ऑनलाइन गेमिंग का धंधा चल रहा है। गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही युवा पीढ़ी की भीड़ यहां जुटने लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुलभ शौचालय के सामने सुबह से देर शाम तक युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है। मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए सट्टेबाजी का खेल चल रहा है। नाबालिग से लेकर 25-30 साल तक के युवा इसमें पैसे लगा रहे हैं।
छुट्टियों में बढ़ा चलन
स्कूल-कॉलेजों में गर्मी की छुट्टी होने के बाद से ऑनलाइन गेमिंग में युवाओं की संख्या काफी बढ़ गई है। खाली समय का फायदा उठाकर युवा जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में गेसिंग के दलदल में फंस रहे हैं। कई युवाओं ने हजारों रुपए गंवा दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खुलेआम चल रहे इस धंधे से इलाके का माहौल खराब हो रहा है। कई बार गेसिंग में हार-जीत को लेकर युवाओं में झगड़े भी हो चुके हैं।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
लोगों ने झरिया पुलिस से मांग की है कि चार नम्बर बस स्टैंड के पास चल रहे ऑनलाइन गेसिंग के अड्डे पर जल्द छापेमारी कर कार्रवाई की जाए। ताकि युवा पीढ़ी को इस लत से बचाया जा सके। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई बयान नहीं आया है।





















