मजदूर बोले – जब तक वेतन ₹10,500 नहीं मिलेगा और पीएफ लागू नहीं होगा, काम बंद रहेगा
गोमो, झारखंड : गोमो रेलवे स्टेशन पर रेल ठेका मजदूरों ने वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर जोरदार आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह से ही एम एस सपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के तहत काम कर रहे मजदूर स्टेशन परिसर में प्रदर्शन करते नजर आए।
Highlights:
मजदूरों का कहना है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें हर महीने सिर्फ ₹7,000 वेतन दिया जाता है। उन्होंने वेतन ₹10,500 करने और पीएफ (Provident Fund) लागू करने की मांग ठेकेदार और रेलवे प्रशासन के सामने रखी है।
कामकाज ठप, यात्रियों को गर्मी में भारी परेशानी
रेलवे मजदूरों की इस हड़ताल का सीधा असर गोमो स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की सुविधाओं पर पड़ा है। यात्रियों को न तो साफ-सफाई मिल पा रही है और न ही सामान्य सेवा, जिससे इस भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े : बेटे-बहू की प्रताड़ना से तंग बुजुर्ग व्यवसायी पहुंचे धनबाद उपायुक्त माधवी मिश्रा के जनता दरबार
प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि कंपनी उन्हें लगातार सिर्फ आश्वासन देती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। “हमलोग मेहनत से काम करते हैं, जोखिम उठाते हैं, लेकिन हमें सिर्फ वादे ही मिलते हैं,” – एक मजदूर ने मीडिया से बातचीत में कहा।
जब तक मांगे नहीं मानी जाएंगी, काम नहीं करेंगे – मजदूरों की चेतावनी
मजदूरों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक वेतन वृद्धि और अन्य मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक वे कोई कार्य नहीं करेंगे। उन्होंने ठेकेदार और रेलवे अधिकारियों से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मजदूरों के आक्रोश को देखते हुए स्थिति जल्द बिगड़ सकती है।





















